सागर , जून 24 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में एक पिता और उसके नौ वर्षीय पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गौरझामर निवासी एवं सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य भोलेनाथ प्रजापति अपने परिवार के साथ सागर में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर लौटे थे। मंगलवार शाम उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जबकि उनके नौ वर्षीय पुत्र लक्ष्य को उल्टियां होने लगीं।
परिजन दोनों को उपचार के लिए गौरझामर में चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन वहां चिकित्सक नहीं मिलने पर उन्हें देवरी ले जाया गया। इस दौरान भोलेनाथ प्रजापति की तबीयत भी अधिक बिगड़ गई और उन्हें भी उल्टियां होने लगीं।
इसके बाद दोनों को 108 एम्बुलेंस से सागर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही पिता और पुत्र की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित