कुशीनगर , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के अवरवां टोला बेलही में संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रात में अपने घर में सो रहा था, इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

सूत्रों के अनुसार, कुछ माह पहले युवक की करीब एक एकड़ कीमती जमीन का कुछ लोगों ने कथित रूप से बहला-फुसलाकर बैनामा करा लिया था। इस मामले को लेकर हाटा तहसील में मुकदमा भी लंबित बताया जा रहा है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जमीन के बैनामे का मामला भी चर्चा में आ गया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल जमीन विवाद और युवक की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।

इस संबंध में हाटा कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों और जमीन विवाद से इसके किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित