संतकबीरनगर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में मेंहदावल थाना क्षेत्र के सोनबरसा मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय कलम नाथ साहनी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर पंडित पुरवा स्थित श्मशान घाट पहुंचे, जहां सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कलम नाथ आठ अगस्त को अपने मौसेरे भाई घनश्याम निषाद के घर गए थे। घनश्याम निषाद बिसौवा गांव के निवासी बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक सोमवार तड़के करीब चार बजे घनश्याम के घर पर ही कलम नाथ की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को पंडित पुरवा स्थित श्मशान घाट ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।

इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल संतकबीरनगर की मर्चरी भेज दिया।

सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने बताया कि मृतक के भाई पप्पू साहनी ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कलम नाथ की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित