अमृतसर , नवंबर 07 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 20 जनवरी को उनके जन्मस्थान काशी (वाराणसी) से श्री आनंदपुर साहिब तक विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा।
फरवरी 2027 में मनाई जाने वाली जयंती के कार्यक्रमों के तहत इस नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर शनिवार को कमेटी कार्यालय में उपसमिति की बैठक हुई।
एसजीपीसी सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता ने बताया कि नगर कीर्तन 20 जनवरी को वाराणसी से रवाना होकर रात्रि विश्राम के लिए प्रयागराज पहुंचेगा। इसके बाद 21 जनवरी को प्रयागराज से रायबरेली, 22 जनवरी को रायबरेली से लखनऊ, 23 जनवरी को लखनऊ से कानपुर, 24 जनवरी को कानपुर से अलीगढ़ और 25 जनवरी को अलीगढ़ से गुरुद्वारा गुरु का ताल, आगरा पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को नगर कीर्तन आगरा से दिल्ली पहुंचेगा और 27 जनवरी को दिल्ली में विश्राम करेगा। 28 जनवरी को दिल्ली से करनाल, 29 जनवरी को करनाल से अंबाला और 30 जनवरी को अंबाला से गुरुद्वारा श्री चमकौर साहिब पहुंचेगा। नगर कीर्तन 31 जनवरी को गुरुद्वारा श्री चमकौर साहिब से रवाना होकर श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होगा।
बैठक में भाई राजिंदर सिंह मेहता, भाई अजय सिंह अभ्यासी, केवल सिंह बादल, बाबा बूटा सिंह और धर्म प्रचार कमेटी के अतिरिक्त सचिव भगवंत सिंह धंगेरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर कीर्तन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। भाई मेहता ने संगत से परिवारों सहित नगर कीर्तन में शामिल होने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित