लखनऊ , जुलाई 24 -- ) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से देशव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी।
अभियान का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के पिछड़े एवं दलित वर्गों के बीच जनसंपर्क को और अधिक सुदृढ़ करना है। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अभियान की तैयारियों के तहत 25 से 27 जुलाई तक सभी जिलों में कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण एवं जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का औपचारिक शुभारंभ 29 जुलाई को संत रविदास की कर्मस्थली काशी (वाराणसी) से 'समरसता दीप अभियान' के साथ होगा।
इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा। इस दौरान संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी को कलश में रखकर गांवों और बस्तियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके। इसी क्रम में 29 जुलाई से 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' के तहत विभिन्न संतों, महंतों और धार्मिक नेताओं से संपर्क कर उनका आशीर्वाद लिया जाएगा और सामाजिक समरसता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।
अभियान का एक प्रमुख कार्यक्रम 'गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा' होगा, जो 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक निकाली जाएगी। यह यात्रा पंजाब के जालंधर से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वाराणसी में संपन्न होगी।
भाजपा का कहना है कि यह अभियान संत रविदास के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा सेवा, समानता और भाईचारे के मूल्यों को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित