उदयपुर , मई 06 -- राजस्थान में उदयपुर में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा वागड़ अंचल के तीर्थ स्थल बेणेश्वर धाम के संत मावजी के चोपड़ों में मंडित छायाचित्रों की प्रदर्शनी का बुधवार को शुभारंभ किया गया।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि बागोर की हवेली के कला वीथी गैलरी में संत मावजी के चोपड़ों के छायाचित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

केन्द्र द्वारा प्रलेखन योजना में साबला स्थित श्री हरि मंदिर और सलूम्बर के शेषपुर के चोपड़ों का छायांकन करवाया गया जो तकरीबन 300 वर्ष पुराने हैं और इनमें सृजित चित्र व उनमें प्रयुक्त रंग अब भी यथावत हैं।

श्री हरि मंदिर साबला में विद्यमान दो गुना दो फीट आकार के चोपड़े में 333 पन्ने हैं और मूल ग्रंथ में 70 चित्र विद्यमान हैं। इसमें देवनागरी लिपि में वागड़ी मिश्रित गुजराती, हिन्दी ब्रज, संस्कृत एवं अपभ्रंश संदेश मंडित हैं। इनमें से 38 चित्र इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किये गये हैं। इन चित्रों में भक्ति के साथ-साथ संत मावजी के जीवन के प्रति विचार और उनके जीवन दर्शन को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित