संत कबीर नगर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 2318 अभ्यर्थी सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा देंगे।

जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि दोनों पालियों के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं, परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित