संत कबीर नगर , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता के विरोध में रविवार को क्षेत्रीय नागरिकों ने बिधियानी चौराहे पर 'बुद्धि-शुद्धि यज्ञ' आयोजित कर सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग बुलंद करते हुए अनोखा और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गोलू वर्मा ने बताया कि बिधियानी की जर्जर पड़ी यह सड़क कई वर्षों से बदहाल की स्थिति में है। पिछले वर्ष जनप्रतिनिधियों तक इस समस्या को पहुंचाने के लिए हम लोगों ने सड़क के इन गढ़ओ में धान की रोपाई भी की थी। किंतु आज तक इस संदर्भ में कोई कार्य नहीं हुआ। कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत भी कराया गया। जनप्रतिनिधियों का जनता की समस्याओं से जैसे कोई सरोकार नहीं रह गया है। इसीलिए आज इस यज्ञ का आयोजन किया गया है। जिससे जनप्रतिनिधियों के बुद्धि का विकास हो सके और वो जनता की समस्याओं को समझ सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित