संत कबीर नगर , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में धनघटा थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने एवं दुष्कर्म करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बुधवार को बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए गठित टीम ने आरोपी शिवांश तिवारी को उमरिया चौराहा से गिरफ्तार किया। वह ग्राम परसहर पश्चिमी, थाना धनघटा का निवासी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना धनघटा में अभियुक्त के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित