संत कबीर नगर , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में शुक्रवार सुबह एनएच-28 पर एक कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार ने बताया कि बस्ती से गोरखपुर जा रही कंबाइन मशीन संत कबीर समाधि स्थल के पास पुल से टकराकर आंशिक रूप से लटक गई। हादसे में मशीन पर सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

घायलों में देवेंद्र यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वह गोरखपुर जिले के जादवपुर का निवासी था। जिला अस्पताल में भर्ती अन्य दो की हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित