संत कबीरनगर , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत नेशनल हाईवे 28 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने यहां बताया कि गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई। जहां लखनऊ से गोरखपुर जा रही वैगनआर कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में वैगनआर में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर का चालक अपनी सीट पर फंस गया था।

पेट्रोल पंप कर्मियों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल जिला चिकित्सालय संतकबीर नगर भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने वैगनार सवार पत्रकार धनंजय पाण्डेय (35), निवासी सरगरिया उर्फ रामनगर, जनपद कुशीनगर और शंभू मिश्रा (45) निवासी लखुआ खुर्द, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, रमन कुमार (42) निवासी इंदिरा नगर पडरौना, कुशीनगर और सुदेश मिश्रा (42) निवासी चिलोना, कुशीनगर की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों व्यक्ति हिंदी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होकर कुशीनगर जनपद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित