कानपुर , अगस्त 1 -- विश्व हिन्दू परिषद (कानपुर प्रान्त) ने शनिवार को गोविंद नगर स्थित प्रान्त कार्यालय दुर्गा भवन में संत समाज और सनातन धर्म के सम्मान की रक्षा के उद्देश्य से 'सद्बुद्धि हवन' का आयोजन किया। कार्यक्रम में विहिप पदाधिकारियों ने हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए संतों और सनातन परंपरा के अपमान पर कड़ी आपत्ति जताई।
हवन में प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल तथा प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चोरी के प्रकरण को लेकर संतों के वेश का उपयोग कर संसद और सार्वजनिक मंचों पर संत समाज का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम, सनातन परंपरा और संत समाज का अपमान करना दुर्भाग्यपूर्ण है तथा ऐसे लोगों को भगवान श्रीराम सद्बुद्धि दें।
उन्होंने कहा कि संत समाज और सनातन धर्म का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। हवन के माध्यम से भगवान श्रीराम से प्रार्थना की गई कि वे समाज में सद्भाव और सद्बुद्धि का संचार करें तथा संतों का अपमान करने वालों को उचित समझ प्रदान करें।
कार्यक्रम में विहिप कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने भाग लिया तथा धर्म, संस्कृति और संत समाज की गरिमा की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आचार्य संजय त्रिवेदी, विभाग संगठन मंत्री मनीष, जिला संगठन मंत्री गोपाल, जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी, जिलामंत्री नितिन जगरानी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित