सुलतानपुर , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के चर्चित संतराम अग्रहरि हत्याकांड में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे अर्जुन सिंह पटेल और उनके भाई प्रदीप पटेल पर अयोध्या रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन बर्मा ने दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सीजेएम न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या की ओर से की गई है। इससे पहले 3 मार्च 2026 को सुलतानपुर की पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।

व्यापारी संतराम अग्रहरि की निर्मम हत्या 8 अक्टूबर 2024 की रात दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोशैसिंहपुर बाजार में कर दी गई थी। इस मामले में दोस्तपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर अर्जुन सिंह पटेल को मुख्य साजिशकर्ता और उनके भाई प्रदीप पटेल को सह-आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपी मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव के निवासी हैं और घटना के बाद से ही फरार हैं।

पीड़ित पक्ष ने लगातार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद पुलिस ने धारा 82/83 की कार्रवाई केवल कागजों पर की। वारंट के बावजूद आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया और पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी, जिसके चलते इनामी राशि बढ़ाई गई है। आरोपियों पर साक्ष्य मिटाने का भी आरोप है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित