संतकबीरनगर , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने टीशू पेपर की आड़ में की जा रही गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 167.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बुधवार को बताया कि क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे, एसओजी प्रभारी रजनीश राय तथा सर्विलांस सेल प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि 11-12 अगस्त की रात मगहर पुलिस चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर वाहन चेकिंग के दौरान अशोक लीलैंड डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में टीशू पेपर के बंडल लदे हुए थे। जांच के दौरान बंडलों के बीच छिपाकर रखी गई सात बोरियों से 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंचल सिंह निवासी आदर्श नगर, लुधियाना तथा राहुल निवासी बाबा जीवन सिंह नगर, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर पंजाब ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रयागराज मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की अधिक आवाजाही और पुलिस चेकिंग को देखते हुए उन्होंने वाराणसी-गोरखपुर मार्ग से पंजाब जाने का रास्ता चुना था।
इस संबंध में कोतवाली खलीलाबाद में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने डीसीएम ट्रक के अलावा तीन मोबाइल फोन, पर्स, पांच ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड तथा 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित