संतकबीरनगर , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना महुली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वाँछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र ने यहाँ बताया कि थाना महुली पर दर्ज मुकदमे के अनुसार अशोक चौहान, शिवकुमार उर्फ नकुल चौहान पुत्रगण कपिलदेव चौहान निवासी सिक्टहा तथा राजन कुमार पुत्र विन्ध्याचल चौहान निवासी मरवटिया, थाना महुली को शनिवार को सिक्टहा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि 26 जून को हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एकराय होकर प्राणघातक हमला करने, घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित