संतकबीरनगर , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार को डीसीएम ट्रक से 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। शराब को सेब की पेटियों के साथ छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक से 115 पेटी सेब, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर मगहर हाईवे पर डीघा बाईपास के पास अंजान शहीद बाबा की मजार के निकट वाहन जांच के दौरान डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उत्तराखंड निर्मित 220 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि बरामद शराब में कुल 4,608 बोतलें थीं, जिनकी मात्रा लगभग 1,964.88 लीटर है। ट्रक से बरामद 115 पेटी सेब का कुल वजन करीब 1,035 किलोग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ जिले के गंगीरी थाना क्षेत्र के कसेरी मिलट, रामनगर निवासी आकाश कुमार जाटव और बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के नुनिया टोला निवासी अनूप चौहान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आकाश कुमार जाटव ने बताया कि 13 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर फोन कर खुद को यादव जी बताने वाले व्यक्ति ने हरियाणा से सेब और शराब लदी डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के लिए 21 हजार रुपये किराया देने की बात कही थी। 14 अक्टूबर को शाहाबाद, हरियाणा पहुंचने पर उसे रास्ते के खर्च के लिए पांच हजार रुपये दिए गए और बाकी रकम माल पहुंचने के बाद देने की बात कही गई।

आकाश के मुताबिक, 15 अक्टूबर को पीलीभीत के पास एक लाइन होटल पर ट्रक खड़ा करने के बाद अनूप चौहान उसके साथ सिलीगुड़ी जाने के लिए पहुंचा। अनूप ने पुलिस को बताया कि बुलट यादव नामक व्यक्ति ने उसे डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 18 हजार रुपये देने का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए उसे तीन हजार रुपये ऑनलाइन मिले थे। वह ट्रेन से लखनऊ और फिर बस से पीलीभीत पहुंचा था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी डीसीएम लेकर सिलीगुड़ी जा रहे थे, तभी मगहर हाईवे पर पकड़े गए। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस यादव जी और बुलट यादव नामक व्यक्तियों की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

इस मामले में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा संख्या 954/2026 दर्ज कर उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित