संतकबीरनगर , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले में शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते से गुजर रहे सपा सांसद के काफिले की गाड़ियों पर पथराव की घटना के बाद उठे राजनीतिक विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
इस मामले में नया मोड़ ले लिया जब सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ़ पप्पू निषाद द्वारा अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया तो दूसरी तरफ से सांसद सहित अन्य कई सपा नेताओं के विरुद्ध एक दलित युवक की तरफ से एससी/एसटी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। अब सांसद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने वाले के कथित अपहरण व हत्या की साजिश के आरोप में पुलिस ने सपा के जिला पंचयात सदस्य विश्वकेतु यादव सहित चार सपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि थाना बखिरा पर धारा 140(1) बीएनएस व 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट में पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोमवार को अपहृत व्यक्ति विशाल कुमार को सकुशल बरामद किया गया तथा घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया ग। घटना में प्रयुक्त कार की तलाशी से अपहृत विशाल कुमार के हस्ताक्षर शुदा व फोटो युक्त शपथ पत्र, आवेदन पत्र व आधार कार्ड कुल 15 अदद बरामद किये गये।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि उनके द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 25000 रूपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित