संतकबीरनगर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने यहाँ बताया कि बीती देर रात करीब 11.00 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि कुड़वा गांव निवासी संजय (30) पुत्र चंद्रिका और सोनू (35) पुत्र रामललित सोमवार को किसी काम से बाहर गए थे। देर रात करीब 11 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। रामजानकी मार्ग से कुड़वा मार्ग की ओर मुड़कर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना पर धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मलौली भेजा। वहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान सोनू की भी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक सड़क के दूसरी ओर पलट गया था। ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित