संतकबीरनगर , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना धनघटा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शादी का झांसा देकर लोगों को सुनसान स्थान पर ले जाकर झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से झपटमारी के 30 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र ने यहाँ बताया कि प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह एवं एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिड़हरघाट मंदिर के पास से आनंद उर्फ मुकेश पाल, गगन यादव, विमल और अनामिका निषाद को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली निवासी कामता प्रसाद सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह गरीब लड़के-लड़कियों की शादी कराने का कार्य करते हैं। उनके परिचित आनंद उर्फ मुकेश ने एक लड़की दिखाने के बहाने उन्हें उमरिया बाजार बुलाया। इसके बाद आरोपी उन्हें घर वालों से मिलवाने के नाम पर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले से मौजूद अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके बैग में रखे 30 हजार रुपये झपटकर फरार हो गए।

मामले में थाना धनघटा पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बरामदगी होने पर मामले में एक अन्य धारा भी बढ़ाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर शादी कराने का झांसा देते थे। ग्राहक को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके रुपये झपट लेते थे और बाद में रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना आनंद उर्फ मुकेश पाल है, जो लोगों को अपने जाल में फंसाता था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित