संतकबीरनगर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र में तीन दिनों से लापता एक महिला का शव गुरुवार को सरसों के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ग्राम पंचायत हाड़ापार निवासी शारदा देवी के रूप में हुई है, जो तीन दिन से घर से लापता थीं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार ने बताया कि परिजनों के मुताबिक शारदा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और 10 मार्च से घर से लापता थीं। गुरुवार सुबह गांव के लोग टहलने निकले तो नहर के पास एक सरसों के खेत में उनका शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान और परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान शारदा देवी के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि जिले में दो दिनों के भीतर शव मिलने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले बुधवार को पुलिस लाइन के पास एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित