संतकबीरनगर , जून 23 -- संतकबीरनगर जिले के धनघटा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरसी में आगामी 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

एक तरफ तो प्रशासन विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की सूचना संकलित करा रहा है वहीं कार्यक्रम स्थल बैजूनाथ धाम सिरसी के प्रांगण को भव्यता के साथ तैयार कराने में जुटा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा जिन परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाना है, उनकी पट्टिकाएं तैयार कराई जा रही हैं।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री आगामी 25 जून को अपराह्न एक बजे बैजूनाथ धाम सिरसी के प्रांगण में हेलीकाप्टर द्वारा पहुंचेंगे जहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पूर्व सीएम द्वारा करोड़ों रूपए की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा।

श्री कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मिनट टू मिनट कार्यक्रम की प्रतीक्षा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान जिले की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जहाँ आधारशिला रखी जाएगी वहीं कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जिले को बहुत उम्मीदें हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित