संतकबीरनगर , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना परासी गनवारिया बाग में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान परासी गनवारिया निवासी मुनिराम लोधी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुनिराम सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। कुछ घंटों बाद गांव के पास बाग में उनका शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक का एक पुत्र है, जबकि उसकी पत्नी का पूर्व में ही निधन हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार मुनिराम मजदूरी कर जीवनयापन करते थे और शराब के आदी बताए जाते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित