संतकबीरनगर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी डीघा बाईपास के निकट से की गई।

क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि थाना कोतवाली खलीलाबाद में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में वांछित अभियुक्त गुरुप्रसाद पुत्र लालाराम निवासी बगहिया, हाल मुकाम रौरापार तथा पंकज पुत्र लालाराम निवासी बगहिया को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बगहिया निवासी मीना देवी पत्नी अवनीश कुमार ने 16 अगस्त को जमीनी विवाद और मारपीट के संबंध में थाने में तहरीर दी थी।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित