संतकबीरनगर , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मछली पकड़ने गए नाबालिग से अप्राकृतिक दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान , निवासी बिधियानी, थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है।

क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी उस्मान को विधियानी स्थित समय माता मंदिर के पोखरे के पास से गिरफ्तार किया। सीओ ने बताया कि एक अक्टूबर को नाबालिग की मां ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 30 सितंबर की शाम उसका करीब 12 वर्षीय बेटा गांव के पास तालाब में मछली पकड़ने गया था।

आरोप है कि वहां गांव का ही उस्मान पहुंचा और उसे जबरन तालाब के पास स्थित एक घर में ले गया। उसके साथ अप्राकृतिक यौन कृत्य करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। घर लौटने के बाद बच्चे ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

सीओ ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित