संतकबीरनगर 01मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद स्थित मुस्तफा मार्केट में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।
मृतका की पहचान बरदहिया बाजार खलीलाबाद थाना कोतवाली खलीलाबाद स्थित 23 वर्षीया रानी साहिबा पुत्री रुस्तम अली के रूप में हुई है, जो मुस्तफा मार्केट खलीलाबाद में 'एंजल ब्यूटी पार्लर' का संचालन करती थी।
सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि परिजनों ने बताया कि रानी साहिबा प्रतिदिन की तरह गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे भिटवा टोला खलीलाबाद स्थित मुस्तफा मार्केट में अपने पार्लर पर गई थी। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तब परिजनों ने उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन पार्लर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने के बाद परिजन अंदर दाखिल हुए। उन्हें तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटका मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित