संतकबीरनगर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना महुली पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अन्तरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को यहाँ बताया कि थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मैनसिर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामचन्द्र गुप्ता , प्रियांशु सिंह उर्फ सिंटू तथा कुनाल के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उनके कब्जे में मिली तीनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। उन्होंने बताया कि एक बाइक देवरिया के मईल थाना क्षेत्र, दूसरी लखनऊ के इटौंजा-बीकेटी क्षेत्र और तीसरी बाराबंकी से चोरी की गई थी। अभियुक्तों की निशानदेही पर आरओ प्लांट मैनसिर के पास छिपाकर रखी गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। चोरी की गई बाइकों को कम दाम में बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे और उसी से अपना खर्च चलाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित