संतकबीरनगर , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र में मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों की बाइक की टक्कर से एक मूंगफली कारोबारी की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि महेंद्र यादव (55) आलापुर क्षेत्र से मूंगफली खरीदकर बीती शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान आलापुर के गड़गड़वा चौराहे से मोबाइल छीनकर बिड़हर घाट की तरफ भाग रहे पांच बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बदमाश दो बाइकों पर सवार थे। टक्कर लगने से महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ लिया। एक बदमाश भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाशों में से एक के पास से तमंचा भी मिला है। जहांगीरगंज पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया। घायल महेंद्र को रामनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पकड़े गए बदमाशों में से एक ने अपना नाम विजय कुमार (18) बताया, जो हरिवंशपुर, थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर का रहने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित