संतकबीरनगर 12अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिला प्रशासन ने फार्मर रजिस्ट्री की खराब प्रगति पर 18 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोक दिया है।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान के प्रगति की समीक्षा की। फार्मर रजिस्ट्री में छह से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान में खराब प्रगति वाले 25 राजस्व गांव के कर्मचारियों को समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए जिनकी प्रगति भी खराब पाई गई। जिलाधिकारी ने 18 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिया है। जिनमें 5 लेखपाल 7 पंचायत सहायक 3 रोजगार सेवक एवं 3 ग्राम सचिव शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिन कर्मचारियों के वेतन रोके गए हैं उन्हें निर्देशित किया गया कि यदि प्रगति में सुधार नहीं आता है तो निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। श्री कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री में जनपद की प्रगति संतोषजनक नहीं है। अभी कुल 62000 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री कराया जाना शेष है जिसके लिए शासन द्वारा 6 से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाये जाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जो भी कर्मचारी इस अवधि के दौरान अपने लक्ष्य पूर्ण नहीं करते हैं उनको प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान करते हुए वेतन वृद्धि रोक दी जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा सभी खंड विकास अधिकारीगण, तहसीलदारगण व उप जिलाधिकारीगण को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन समीक्षा करते हुए अनिवार्य रूप से विशेष अभियान में अवशेष फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराना सुनिश्चित करें अन्यथा उनका भी उत्तरदायित्व निर्धारित निर्धारित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित