संतकबीरनगर , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि पर जानलेवा फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 9 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा तीन चारपहिया वाहन बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कृष्णचन्द पाण्डेय उर्फ केसी, दीपक पाण्डेय, हनीपाल उर्फ गौरवपाल, दुर्गेश यादव, दुष्यन्त राय, तुषार गुप्ता, झिन्नू कन्नौजिया तथा देवेन्द्र प्रताप सिंह को उतरावल गांव स्थित बीर बहादुर राय के मुर्गी फार्म से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो, वैन्यू और क्रेटा वाहन भी बरामद किए। उन्होंने बताया कि बीर बहादुर राय ने आज कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 15 जून की रात करीब 8:30 बजे कृष्णचन्द पाण्डेय अपने साथियों के साथ तीन वाहनों से उनके मुर्गी फार्म पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी कृष्णचन्द पाण्डेय ने बताया कि करीब चार माह पहले उसने बीर बहादुर राय से नौ लाख रुपये में एक क्रेटा कार खरीदी थी, जो किसी अन्य मामले में सीज हो गई थी। वाहन छुड़ाने में सहयोग न मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वह अपने साथियों के साथ मुर्गी फार्म पहुंचा और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद किया। बरामदगी एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित