संतकबीरनगर , मई 22 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बेलहर कला के कोठवा वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार को एक किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने बताया कि बेलहर कलां कस्बा निवासी असलम का पुत्र मो. अरशाद (16) गांव के पास स्थित एक पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से किशोर को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए बेलहर सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बेलहर थानाध्यक्ष हरिकेश भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष हरिकेश भारती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पाेस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित