संतकबीरनगर , अप्रैल 1 -- पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ऑल टीचर्स एंड एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन(अटेवा) के आह्वान पर जनपद में शिक्षकों और कर्मचारियों ने 'काला दिवस' मनाते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार चौहान और मंडलीय मंत्री मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में खलीलाबाद में विरोध प्रदर्शन किया गया। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में मूल्यांकन कार्य कर रहे शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) का विरोध किया। इसके बाद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में भी शिक्षकों ने "एनपीएस गो बैक" और "पुरानी पेंशन बहाल हो" के नारे लगाए।
अटेवा के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन अपनी स्थापना के समय से ही 1 अप्रैल को 'काला दिवस' के रूप में मनाता आ रहा है, जो पुरानी पेंशन बहाली की मांग का प्रतीकात्मक विरोध है। जिले के अन्य स्थानों पर भी विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शन किए गए। बघौली ब्लॉक, विकास भवन, नाथनगर, सेमरियावां तथा सिंचाई विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों और विद्यालयों में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया और सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित