संतकबीरनगर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों घटनाएं खलीलाबाद कोतवाली और बेलहर कला थाना क्षेत्र में हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 52 एल्युमिनियम के टुकड़े, चार एल्युमिनियम की जालियां, एक इन्वर्टर मशीन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को बांधा मार्ग पर संतकबीरनगर अकादमी के पीछे से मो. खालिद उर्फ आजाद निवासी मोहनलालपुर मगहर और मुकेश निषाद निवासी आजाद नगर मगहर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 24 अगस्त को सामने आई थी। काजीपुर जोकहिया, मगहर निवासी सत्यप्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर पंचायत मगहर के श्मशान घाट स्थित शौचालय के चार एल्युमिनियम के फाटक काटकर चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में खलीलाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना 18 अगस्त को कंपोजिट विद्यालय कुशहरा में हुई थी। यहां से इन्वर्टर के अलावा इको क्लब, आंगनबाड़ी और खेलकूद का सामान चोरी किया गया था। इस मामले में बेलहर कला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने श्मशान घाट के शौचालय के एल्युमिनियम दरवाजों को काटकर उनके फ्रेम और पट्टियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ दिया था। विद्यालय से चोरी किए गए कुछ खेलकूद के सामान को रास्ते में नाले में फेंकने की बात भी आरोपियों ने बताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित