संतकबीरनगर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले में महिला अपराध के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। महुली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म तथा महिला को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि बखिरा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को पकड़ा।

क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने यहां बताया कि महुली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित नूर मोहम्मद पुत्र सफी मोहम्मद निवासी पुरानी बाजार नाथनगर को नाथनगर बाजार के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आठ सितंबर को वादिनी ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

इसी थाना क्षेत्र में महिला को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में मकसूद अली पुत्र महबूब अली निवासी नटवा को अलीनगर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। सीओ के अनुसार 10 सितंबर को वादी ने अपनी बहन को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य संकलन के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।

क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह ने बताया कि बखिरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित काशिद अली पुत्र कैश मोहम्मद निवासी सूपा को बंजरिया के पास से गिरफ्तार किया। नौ सितंबर को वादिनी ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित