संतकबीरनगर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में महुली थाना क्षेत्र के बघाड़ी उर्फ परसादीपुर गांव में दहेज हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को बताया कि थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने धारा 80(2)/85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त रमेश चन्द्र यादव पुत्र रामफेर, गोरखनाथ यादव उर्फ इन्द्रेश पुत्र रामफेर यादव तथा कान्ती देवी पत्नी गोरखनाथ निवासी बघाड़ी उर्फ परसादीपुर थाना महुली को अगया उर्फ सिदाही मोड़ से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि मृतका माया यादव के भाई श्यामकरन यादव ने 27 मई को थाना महुली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर काफी समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था तथा उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी।
तहरीर के अनुसार 27 मई को माया यादव संदिग्ध परिस्थितियों में जली हुई अवस्था में मृत पाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित