संतकबीरनगर , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक कार के तालाब में पलटने से उसमे सवार दो लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि रूधौली गांव के पास पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर यह हादसा आज दोपहर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार एक तालाब में पलट गयी। उसमें मौजूद दोनों लोग डूबने लगे। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार को सीधी कर दोनों युवकों को बाहर निकाला। सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों तथा पुलिस ने दोनों को एक वाहन में लादकर सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया जहां डाक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि मृतकों की पहचान हरिराम त्रिपाठी (38) पुत्र प्रभु निवास त्रिपाठी बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रुधौली गांव के निवासी और महेंद्र कुमार पुत्र राम दरश सैंथवार निवासी मझौवा जगत थाना वाल्टरगंज जनपद बस्ती के तौर पर की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित