संतकबीरनगर , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर मिनी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि सेमरियावां-दुधारा मार्ग पर बाघनगर चौकी अंतर्गत कठिनइया पुल के पास डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार मुख्तदा हुसैन (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय खलीलाबाद के पास रास्ते में मृत्यु हो गई।
उन्होने बताया कि मुख्तदा हुसैन अपनी बाइक से जा रहे थे तभी पीछे से आ रहे एक डीसीएम ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक में भैंसें लदी थीं जो कानपुर जा रहा था। हादसे के बाद बाघनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल मुख्तदा हुसैन (निवासी सोनहटी, पुरानी बस्ती) को एंबुलेंस से ओपेक चिकित्सालय कैली, बस्ती भेजा। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
डीसीएम ट्रक चालक की पहचान कानपुर के चौबेपुर निवासी सोनू कुमार पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने डीसीएम ट्रक और चालक सोनू कुमार को हिरासत में ले लिया है। परिजनों द्वारा तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित