संतकबीरनगर , दिसंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में ट्रेलर और डंफर की आमने-सामने की टक्कर में खलासी की मौत हो गयी जबकि ट्रेलर चालक समेत तीन अन्य घायल हो गये।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि बस्ती गोरखपुर लेन पर कांटे चौकी के पास हाईवे की मरम्मत का कार्य चल रहा था जिसके चलते भुजैनी से डंड़वा चौराहे तक वन-वे व्यवस्था लागू की गई थी। रास्ते में कोई संकेतक नहीं लगाया गया था, जिससे वाहन चालकों को दिशा संबंधी जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी चालक सत्यम यादव अपने खलासी इसरार (23) के साथ महोबा से डंफर लेकर गोरखपुर जा रहे थे।

डायवर्जन के कारण वे उल्टी लेन से आ रहे थे और डंड़वा चौराहे से कट लेकर अपनी लेन में आना था, लेकिन संकेतक न दिखने से वे सीधे बढ़ते गए। मीरगंज के पास पहुंचने पर डंफर अचानक खराब हो गया। चालक नीचे उतरकर वाहन देखकर रहा था और खलासी को एक्सीलरेटर लेने के लिए कहा, तभी बिहार के गोपालगंज से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जा रहा एक कंटेनर तेज रफ्तार में आया और डंफर से आमने-सामने भिड़ गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कंटेनर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कंटेनर सवार मोहम्मद रेहान (23) तथा खलासी मोहम्मद रेयाज (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत गम्भीर होने पर खलासी इसरार को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित