संतकबीरनगर , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेदुला चौराहे के पास मंगलवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान अजय कुमार (25) निवासी जातेडीहा दुबौलिया, थाना दुधारा के रूप में हुई। उसका साथी शिवा कोतवाली क्षेत्र के चिलौना गांव का निवासी बताया गया है। दोनों बाइक से खलीलाबाद से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेदुला चौराहे के पास उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नवीन मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित