संतकबीरनगर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के उमरी खुर्द गांव में मंगलवार सुबह शादी की तैयारियों के दौरान एक मकान का छज्जा गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि ग्राम उमरी खुर्द निवासी हरिश्चंद्र राजभर की बेटी की शादी थी। मंगलवार को बारात आनी थी। सुबह करीब 8:30 बजे घर में टेंट और लाइट की सजावट का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान का पुराना छज्जा अचानक ढह गया, जिससे नीचे बैठे लोग मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में कुसुम उर्फ राजमती (70) की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ खलीलाबाद श्री पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित