संतकबीरनगर 14अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक गो तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रफीक निवासी ग्राम दुर्गजोत बंजारा टोला, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को बघौली से पिपरा बोरिंग जाने वाले मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होने बताया कि पिछल पांच अप्रैल को खलीलाबाद कोतवाली पुलिस को बालूशासन पुल के पास एक पिकअप वाहन से 5 गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के लिये ले जाया जा रहा था। इनमें से एक पशु की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन अन्य अभियुक्तों छोटके पासवान, कल्लू पासवान एवं बीरू पासवान को छह अप्रैल झुड़िया पुलिया के पास से गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 2 जीवित गोवंशीय पशु और 3 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए थे।
पुलिस ने इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित