संतकबीरनगर 13सितंबर(वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की धनघटा पुलिस और एसओजी टीम ने रविवार को गोकशी के आरोप में वांछित आरोपी महबूब अली को ग्रामसभा खाजोपुरवा मैली स्थित कुआनो नदी के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय खलीलाबाद में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक मिस कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।
जिला अस्पताल पहुंचे पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धनघटा थाने में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी महबूब पुत्र नूर हसन उर्फ ढीमल निवासी मैली की तलाश की जा रही थी। रविवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि 10 सितंबर की रात बछड़े की चोरी कर उसका वध करने के मामले में वांछित महबूब ग्रामसभा खाजोपुरवा मैली स्थित कुआनो नदी के पास मौजूद है।
सूचना पर धनघटा पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें महबूब के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल खलीलाबाद भेजा गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी के उपचार की स्थिति का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित