संतकबीरनगर , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिला कारागार में चोरी के मामले में निरुद्ध कैदी टुनटुन की जिला अस्पताल में मौत के मामले में अस्पताल की कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की भी जांच शुरू हो गई है। इमरजेंसी चिकित्सक की ओर से पुलिस को भेजे गए मेमो और सीसीटीवी फुटेज में दर्ज घटनाक्रम के बीच अंतर सामने आने की बात कही जा रही है। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यप्रकाश के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। जांच टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर टुनटुन के इमरजेंसी में पहुंचने से लेकर उसकी मौत तक के घटनाक्रम से जुड़े रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। टीम मेमो, चिकित्सकीय परीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य अभिलेखों के समय तथा घटनाक्रम का आपस में मिलान कर रही है।
जिला कारागार से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए टुनटुन के संबंध में इमरजेंसी चिकित्सक की ओर से पुलिस को भेजे गए मेमो में उसे 'ब्रॉट डेड' दर्ज किया गया था। इसका अर्थ है कि उसे अस्पताल पहुंचने पर मृत अवस्था में लाया गया बताया गया। वहीं, जांच के दौरान देखी गई सीसीटीवी फुटेज में टुनटुन के अस्पताल परिसर में गतिविधि करते और बाथरूम की ओर जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। इसी अंतर को जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि टुनटुन अस्पताल किस समय पहुंचा, फुटेज में उसकी गतिविधि किस समय दर्ज हुई, चिकित्सक ने उसका परीक्षण कब किया और मेमो किस समय तैयार किया गया।
हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में किसी व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देना अपने आप में उसकी चिकित्सकीय स्थिति का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता। जांच टीम सभी उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर वास्तविक घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कहा कि जांच पूरी होने तक इस मामले में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यप्रकाश के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय टीम जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। इसके बाद ही मेमो और सीसीटीवी फुटेज के बीच सामने आए अंतर की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित