संतकबीरनगर , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर गांव में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। अभियुक्त ने उधारी के पैसे को लेकर हत्या की थी।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि हत्या की वजह मृतक के छोटे भाई महेंद्र को दिए गए उधार रुपये को लेकर चल रहा विवाद सामने आई है। मृतक ने जब आरोपी रामदास को भी रुपये वापस न मिलने के लिए जिम्मेदार ठहराया तो वह तैश में आ गया और अपनी दुकान पर रखी नुकीली परखी से राजू पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक राजू के छोटे भाई महेंद्र की आरोपी रामदास से दोस्ती थी और दोनों अक्सर साथ रहते थे। महेंद्र ने अपने बड़े भाई राजू से कुछ रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस करने को लेकर राजू और महेंद्र की पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की शाम भी रुपये के लेन-देन को लेकर राजू, उसकी पत्नी और महेंद्र के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज होने लगी। आरोपी रामदास का घर घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान राजू ने रामदास पर आरोप लगाया कि उसकी वजह से उसका भाई रुपये वापस नहीं कर रहा है। यह बात रामदास को नागवार गुजरी और वह गुस्से में आ गया। एसपी ने बताया कि तैश में आए रामदास ने अपनी दुकान पर रखी अनाज निकालने वाली नुकीली परखी से राजू के सीने और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजू को एंबुलेंस से सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद बेलहरकला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी रामदास गुप्ता पुत्र हरीराम गुप्ता निवासी जंगल दशहर को 16 सितंबर को जंगल दशहर मोड़, पिपरी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीली परखी भी बरामद की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित