संतकबीरनगर , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की थाना दुधारा पुलिस ने बुधवार को 25 हजार रूपये के इनामी अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने यहाँ बताया कि थानाध्यक्ष दुधारा अमित कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिकरिया नाला पुलिया के पास से आशुतोष राना पुत्र सतीश चंद्र निवासी गांधीनगर, गौसपुर, थाना कोतवाली खलीलाबाद, हाल पता टेकन्सा, थाना दुधारा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पर कोतवाली खलीलाबाद में चोरी एवं अन्य धाराओं से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। इन्हीं मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषणा की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित