संतकबीरनगर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने एक उप निरीक्षक और कांस्टेबल को दौड़ लगाने का आदेश दिया तथा उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कोतवाली खलीलाबाद, धनघटा और महुली थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ लंबित विवेचनाओं तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतों और विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर एसपी ने उप निरीक्षक प्रभांशु राय और कांस्टेबल सुनील कुमार सिंह को दौड़ लगाने का आदेश दिया। साथ ही नियमानुसार फाइल खोलने और विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए।

श्री मीना ने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों का प्रभावी ढंग से संकलन करने, फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ितों को विवेचना की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों और विवेचनाओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित