संतकबीरनगर , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के सपाइयों ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया जाता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक सपा का धरना जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होने कहा कि देश के कई राज्यों में वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।आज उत्तर प्रदेश में भी वोटर लिस्ट और चुनावी नतीजों में धांधली करके सरकार बनाने का काम किया जा रहा है। इसके खिलाफ समाजवादी पार्टी अब आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष की कोख से पैदा हुई है और उसके कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ना जानते हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक अलगू चौहान और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जावेद अहमद सहित अन्य नेताओं ने किया।
सपाइयों ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। इसी क्रम में मेंहदावल में सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय ने भी धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राम दरश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, वरिष्ठ नेता नित्यानंद यादव, पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान, केडी यादव, पूर्व प्रमुख रामाशीष यादव, सुबोध यादव, रमेश यादव, राहुल यादव 'बादल', आलोक यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद अहमद, जावेद खान समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित