संतकबीरनगर , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह की मौजूदगी में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। पुलिस लाइन में आयोजित सम्मेलन में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिसकर्मी 'कॉप ऑफ द मंथ' से सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहां बताया कि सैनिक सम्मेलन के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आमजन के साथ संवेदनशील, शालीन और सकारात्मक व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। इसके बाद आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी, महिला एवं बाल अपराध तथा साइबर अपराध समेत अन्य गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी संयुक्त निदेशक अभियोजन, जिला कमांडेंट होमगार्ड, जिला आबकारी अधिकारी, जिला वन अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, एआरटीओ, खनन निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका खलीलाबाद, न्याय सहायक जिला मजिस्ट्रेट, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी), आईबी, एसआईओ, निरीक्षक प्रज्ञान, निरीक्षक गोपनीय, प्रतिसार निरीक्षक, प्रधान लिपिक, आंकिक शाखा प्रभारी, प्रभारी अग्निशमन, प्रभारी यातायात, चौकी प्रभारी आरपीएफ, चौकी प्रभारी जीआरपी सहित जनपद के सभी शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और अभियोगों की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक विवेचना का 60 एवं 90 दिवस के भीतर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंटियों की गिरफ्तारी तथा कुर्की जैसी वैधानिक कार्रवाई में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो, लूट एवं अन्य गंभीर अभियोगों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषसिद्धि सुनिश्चित कराने के लिए अभियोजन अधिकारियों एवं विवेचकों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। एसपी ने महत्वपूर्ण मुकदमों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया, ताकि अपराधियों को शीघ्र एवं प्रभावी दंड दिलाया जा सके।
गोष्ठी में साइबर अपराध की रोकथाम, मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, महिला सुरक्षा, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट की लगातार निगरानी करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित