संतकबीरनगर 28सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को कथित 'वोट चोरी' के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुबह ही कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुरानी तहसील गेट के सामने उनका पुतला दहन किया।
पुतला दहन के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार केंद्र सरकार के इशारे पर लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही वोट चोरी के संबंध में जनता के सामने दस्तावेज और तथ्य रख चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल में सामने आए कुछ दस्तावेजों से कांग्रेस के आरोपों को बल मिला है। जिलाध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित