संतकबीरनगर 09अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संतकबीरनगर जिले के प्रस्तावित दौरे को लेकर विकास परियोजनाओं की सूची जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री द्वारा जिले में कुल 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 56776.05 लाख रुपये है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने यहाँ बताया कि जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा 38 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा जिनकी कुल लागत 15415.28 लाख रुपये है। इनमें खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र की 22 परियोजनाएं तथा मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र की 16 परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं 81 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। इनकी कुल लागत 41360.77 लाख रुपये है। इसमें खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र की 48 तथा मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र की 33 परियोजनाएं शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार देखा जाए तो खलीलाबाद में कुल 70 परियोजनाओं पर 27295.23 लाख रुपये तथा मेंहदावल में 49 परियोजनाओं पर 29480.82 लाख रुपये खर्च होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित