संतकबीरनगर , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के एसपी संदीप कुमार मीना ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के भ्रमण के दौरान ड्यूटी स्थल से गायब मिले थाना दुधारा के चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के जनपद बस्ती आगमन एवं भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए संतकबीरनगर पुलिस के जवानों की ड्यूटी पॉलिटेक्निक चौराहा, जनपद बस्ती में लगाई गई थी। थाना दुधारा में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों को भी इस ड्यूटी में लगाया गया था। आरोप है कि निर्धारित ड्यूटी के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित नहीं हुए। मामले को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अकर्मण्यता मानते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। निलंबित पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी प्रदीप सिंह विशेन, आरक्षी रंजन कुमार राजभर, आरक्षी भीम कुमार और आरक्षी दुर्गेश यादव सभी थाना दुधारा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चारों पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश के अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली, 1991 के नियम-17(1)(क) के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान सभी का संबद्धीकरण पुलिस लाइन, संतकबीरनगर में रहेगा। उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश भी दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए ड्यूटी के दौरान अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा स्वेच्छाचारिता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित